पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने किया गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी रेलखंड का निरीक्षण, अमृत भारत योजना व संरक्षा पर दिया जोर
लखनऊ • 15 Aug 2026, 2:22 pm

लखनऊ (OK Talk India): पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (RPF) सत्य प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नवीन कुमार झा और मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी रेलखंड का व्यापक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, आधुनिक यात्री सुविधाओं और रेल संरक्षा का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत नकहा जंगल स्टेशन से हुई, जहाँ उन्होंने यात्री सुविधाओं, पैनल रूम, रिले रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, समपार संख्या-05 पर नवनिर्मित रेलवे ओवर ब्रिज और गुड्स साइडिंग का मुआयना किया। इसके बाद आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर उन्होंने अमृत भारत योजना के विकास कार्यों, स्टेशन सौंदर्यीकरण, फुट ओवर ब्रिज व आरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सिद्धार्थनगर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय और रेलवे कॉलोनियों का निरीक्षण कर रेलकर्मियों के आवासीय परिसर की स्थिति देखी। अंत में बढ़नी स्टेशन पहुँचे महाप्रबंधक ने स्टेशन भवन, वेटिंग हॉल, कोचिंग डिपो और वाशिंग पिट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रतीक्षालयों को दिव्यांग-अनुकूल बनाने के कड़े निर्देश दिए।
रेल संरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाप्रबंधक ने बढ़नी स्टेशन पर लखनऊ मंडल संरक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित 'प्रथम त्रैमासिक-2026' संरक्षा जागरूकता पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








