रेड़वरिया में फिर गरमाया सरकारी राशन का मामला: 146 क्विंटल गबन के मुकदमे के बाद खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, जांच जारी
बढ़नी, सिद्धार्थनगर • 7 Sept 2026, 7:20 pm

बढ़नी,सिद्धार्थनगर : ग्राम पंचायत रेड़वरिया में सरकारी राशन वितरण से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों राशन दुकान की जांच में स्टॉक के सापेक्ष 146 क्विंटल गेहूं व चावल कम पाए जाने और ओटीपी के जरिए कथित फर्जी रिसीविंग के खेल का खुलासा होने पर कोटेदार नूर हसन (पुत्र यूसुफ) के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस कार्रवाई के बाद सूचना पर सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे एक बार फिर आपूर्ति निरीक्षक (बढ़नी) और थानाध्यक्ष ढेबरुआ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्यान्न लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई।
मामले में आपूर्ति निरीक्षक राणा प्रताप सिंह ने आधिकारिक बयान देते हुए पुष्टि की है कि सोमवार को गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदा हुआ खाद्यान्न मिला है, जिसकी विभागीय जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही लदे अनाज की वास्तविक मात्रा और अग्रिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, पूर्व में दर्ज मुकदमे और ताजा घटनाक्रम के बाद से गांव के सियासी व सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तैर रही हैं। ग्रामीणों के बीच खाद्यान्न के कथित हेरफेर और वितरण व्यवस्था की कार्यशैली को लेकर कानाफूसी का बाजार गर्म है, हालांकि जिम्मेदार अधिकारियों की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक ग्रामीण भी संशय की स्थिति में हैं।
वहीं, पूर्व के अभियोग और आज ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जाने के बाद विधिक स्थिति को लेकर स्थानीय पुलिस का अधिकृत रुख अभी सामने आना बाकी है। आपूर्ति विभाग की तहरीर, सुसंगत धाराओं और विवेचना की वर्तमान प्रगति पर पुलिस के औपचारिक पक्ष का इंतजार किया जा रहा है।








