IST: Monday, 26 October 2026 at 6:57 pm

बढ़नी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत: पुलिस ने लाठियां फटकार संभाले हालात, सख्त पहरे के बीच देर रात हुआ विसर्जन

बढ़नी, सिद्धार्थनगर • 21 Oct 2026, 6:46 pm

बढ़नी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत: पुलिस ने लाठियां फटकार संभाले हालात, सख्त पहरे के बीच देर रात हुआ विसर्जन
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): नगर पंचायत बढ़नी में विजयदशमी के अवसर पर मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान मालगोदाम तिराहे के पास दो पक्षों के बीच अचानक कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने लगी। विसर्जन मार्ग पर आम नागरिकों, महिलाओं व श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हालात को बेकाबू होने से रोकने के लिए मौके पर तैनात पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां फटकारनी पड़ीं। समय रहते पुलिस द्वारा उठाए गए इस कदम से उपद्रवियों को तुरंत तितर-बितर कर दिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हो सकी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ रवीश कुमार गुप्ता और तहसीलदार सहित राजस्व, पुलिस व खुफिया की टीमें तत्काल सक्रिय होकर मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश और क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश वर्मा के नेतृत्व में ढेबरुआ, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर ,कठेला समय माता, गोल्हौरा, त्रिलोकपुर, उसका बाजार, कपिलवस्तु कोतवाली तथा महिला थाना सिद्धार्थनगर सहित कई थानों की फोर्स, पीएसी बल व अतिरिक्त पुलिस जाब्ता देर रात मौके पर पहुंच गया। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने कस्बे में शांति कायम करने के लिए मालगोदाम तिराहे से रामलीला मैदान तक फ्लैग मार्च निकाला और स्थानीय नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कस्बे से लेकर विसर्जन स्थल तक चप्पे-चप्पे पर प्रशासनिक मुस्तैदी, पीएसी व भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच चरगहवा नदी में देर रात करीब सुबह 3 बजे तक जयकारों के बीच प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन संपन्न कराया गया। वर्तमान में कस्बे में स्थिति पूरी तरह सामान्य व नियंत्रण में है। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि के साथ भी अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई। चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने ढेबरुआ थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जब वह मालगोदाम चौराहे पर प्रसाद वितरण कर रहे थे, तभी पंकज चतुर्वेदी, जयन्त पाण्डेय, अभिषेक चतुर्वेदी, भोला पाण्डेय, रामभवन यादव तथा लगभग दो दर्जन अज्ञात लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से लैस होकर उन पर हमला कर दिया। उन्होंने मारपीट, गाली-गलौज, दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त करने तथा सोने की चेन व नकदी छीनने का आरोप लगाते हुए विधिक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष के पंकज चतुर्वेदी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे साजिश के तहत फंसाने का प्रयास करार दिया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व उनके भाई प्रिंस चतुर्वेदी, रवि गौतम व अन्य के साथ कस्बे के कुछ युवकों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसका मुकदमा ढेबरुआ थाने में दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उसी रंजिश को लेकर विसर्जन के दौरान चेयरमैन पक्ष से जुड़े लोगों द्वारा विवाद खड़ा किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उनके रिश्तेदार को गाड़ी में बैठा लिया। जब वह मौके पर जानकारी लेने पहुंचे, तो वहां कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के पीछे की वास्तविक सच्चाई क्या है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ........................................................................... इस संबंध में थानाध्यक्ष ढेबरुआ चन्द्रकांत पाण्डेय ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। ...............…......................................................... क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल सभी उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

संबंधित खबरें

80वें स्वतंत्रता दिवस पर बढ़नी के 'सिद्धार्थ नेत्रालय एन्ड फेको सेंटर' की अनूठी पहल: 40 हजार से अधिक सर्जरी का अनुभव रखने वाले डॉ. नदीम अहमद ने 149 मरीजों का किया परीक्षण

बढ़नी, सिद्धार्थनगर • 15 Aug 2026, 9:00 pm

80वें स्वतंत्रता दिवस पर बढ़नी के 'सिद्धार्थ नेत्रालय एन्ड फेको सेंटर' की अनूठी पहल: 40 हजार से अधिक सर्जरी का अनुभव रखने वाले डॉ. नदीम अहमद ने 149 मरीजों का किया परीक्षण