IST: Monday, 26 October 2026 at 6:57 pm

बढ़नी में मूर्ति विसर्जन बवाल: चेयरमैन और पुलिस टीम पर हमले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज, तीन आरोपित गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर • 23 Oct 2026, 10:11 am

बढ़नी में मूर्ति विसर्जन बवाल: चेयरमैन और पुलिस टीम पर हमले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज, तीन आरोपित गिरफ्तार
बढ़नी/सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बढ़नी के माल गोदाम तिराहे पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है। घटना में एक ओर जहां नगर पंचायत अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, लूटपाट व वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप लगा है, वहीं दूसरी ओर शांति व्यवस्था बनाने पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि द्वारा ढेबरुआ थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब 11:00 बजे वे माल गोदाम चौराहे पर आयोजित दुर्गा पूजा में प्रसाद वितरण कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान पंकज चतुर्वेदी, अभिषेक चतुर्वेदी, जयन्त पाण्डेय, भोला पाण्डेय, रामभवन यादव और उनके साथ करीब दो दर्जन अज्ञात लोग हॉकी, डंडे व धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। तहरीर में उल्लेख है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनके गले से सोने की चेन व कुर्ते की जेब से करीब 2500 रुपये छीन लिए तथा वाहन में तोड़फोड़ कर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। इस तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 191(3), 110, 351(3), 352, 304(2) और 324(2) के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी प्राथमिकी बढ़नी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बीरेन्द्र यादव की तहरीर पर दर्ज की गई है। तहरीर के मुताबिक, वे अपने हमराही आरक्षियों सच्चिदानन्द सिंह व अर्जुन यादव के साथ मूर्तियों को क्रमवार विसर्जन हेतु आगे बढ़वा रहे थे। माल गोदाम तिराहे के पास कुछ लोगों में विवाद होने पर जब पुलिसकर्मी बीच-बचाव कराने पहुंचे, तो आरोपित केशव पाण्डेय सिपाही सच्चिदानन्द सिंह से उलझ गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित के पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर ईंट-डंडों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस घटना में आरक्षी सच्चिदानन्द सिंह की पसली व हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि चौकी प्रभारी व अन्य सिपाही भी चोटिल हुए। इस तहरीर पर पुलिस ने केशव पाण्डेय, पंकज चतुर्वेदी, अभिषेक चतुर्वेदी, प्रिन्स चतुर्वेदी, विवेक चतुर्वेदी, राकेश चौधरी, जयन्त पाण्डेय, भोला पाण्डेय, राजन विश्वकर्मा, चतुर्भुज पाठक उर्फ कल्लू व 5-6 अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 132, 191(2), 221, 61(2), 290 तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ब्लॉक रोड बढ़नी से नामजद आरोपितों केशव पाण्डेय, अभिषेक चतुर्वेदी और राकेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक राजाराम यादव, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार, कांस्टेबल सागर जायसवाल तथा कांस्टेबल विपिन कन्नौजिया शामिल रहे। बहरहाल, पूरे मामले की निष्पक्ष विवेचना और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पुलिस द्वारा जारी है।

संबंधित खबरें