बढ़नी की सड़कों पर उतरा भारी पुलिस बल, सीओ ने खुद नापे जुलूस के रास्ते; शरारती तत्वों को सख्त चेतावनी
सिद्धार्थनगर • 21 Aug 2026, 8:53 pm

बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। त्योहारी सीजन में खलल डालने वालों पर नकेल कसने के लिए शुक्रवार को बढ़नी कस्बे की सड़कों पर पुलिस का कड़ा पहरा नजर आया। बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी भारी पुलिस फोर्स के साथ खुद सड़क पर उतरे और कस्बे के एक-एक संवेदनशील मोड़ व जुलूस मार्ग को बारीकी से परखा।
सीओ के नेतृत्व में ढेबरुआ पुलिस बल जब सायरन बजाती गाड़ियों और जवानों की भारी टुकड़ी के साथ मुख्य बाजारों से गुजरा, तो कस्बे में सुरक्षा का अहसास साफ नजर आया। अधिकारियों ने पैदल मार्च करते हुए जुलूस के पारंपरिक रास्तों का चप्पा-चप्पा छाना और मातहतों को साफ निर्देश दिए कि कहीं भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
मार्च के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और त्योहारों को आपसी भाईचारे से मनाने की अपील की। साथ ही चेताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान ढेबरुआ प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, बढ़नी चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव , धीरेन्द्र प्रताप सिंह,सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।








