IST: Thursday, 27 August 2026 at 4:00 pm

रोजी-रोटी की आस टूटने के बाद जिंदगी की सांसें भी थमीं: मुंबई जाने के लिए ट्रेन छूटी, घर लौटते समय रास्ते में अधेड़ की संदिग्ध मौत

सिद्धार्थनगर24 Aug 2026, 10:00 pm

रोजी-रोटी की आस टूटने के बाद जिंदगी की सांसें भी थमीं: मुंबई जाने के लिए ट्रेन छूटी, घर लौटते समय रास्ते में अधेड़ की संदिग्ध मौत
सिद्धार्थनगर। रोजगार की तलाश में मुंबई जाने के लिए घर से निकले एक ग्रामीण की यात्रा अधूरी रह गई। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन छूट जाने के बाद मायूस होकर पैदल घर लौट रहे अधेड़ की रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सड़क किनारे अचेत मिले व्यक्ति को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम कठेला जनूबी (भरपुरवा टोला) निवासी 55 वर्षीय रामनारायन पुत्र पिंगल सोमवार को मुंबई जाने के लिए घर से रवाना हुए थे। बढ़नी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उनकी ट्रेन छूट गई। ट्रेन न मिलने पर वह पैदल ही वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तुलसियापुर-कठेला मार्ग पर भुतहिया टावर के पास वह अचानक अचेत होकर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पहुंची ढेबरुआ पुलिस उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चर्चा है कि अत्यधिक शराब के सेवन के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी; मौके से कुछ खाली पाउच भी मिले हैं। पुलिस शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में थी, लेकिन परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम से लिखित रूप से इनकार किए जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

संबंधित खबरें