डीआईजी संजीव त्यागी ने थाना ढेबरुआ का किया औचक निरीक्षण: लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, 'ऑपरेशन क्लीन' पर जोर
सिद्धार्थनगर • 9 Sept 2026, 10:57 pm

सिद्धार्थनगर: बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के साथ थाना ढेबरुआ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदीगृह और पूरे थाना परिसर का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों की पड़ताल करते हुए सभी रजिस्टरों व डिजिटल प्रविष्टियों को तत्काल अद्यतन रखने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं और एहकामातों के समयबद्ध निस्तारण के साथ-साथ वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा थाना परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस और माल-मुकदमाती वाहनों के निस्तारण हेतु 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेंदु सिंह, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








