IST: Monday, 26 October 2026 at 7:45 pm

जगदीशपुर खुर्द हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: 3 महिलाओं सहित 6 अभियुक्त गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक व कारतूस बरामद

सिद्धार्थनगर • 7 Sept 2026, 7:47 pm

जगदीशपुर खुर्द हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: 3 महिलाओं सहित 6 अभियुक्त गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक व कारतूस बरामद
सिद्धार्थनगर : जगदीशपुर खुर्द गांव में रविवार को जमीनी रंजिश में हुई युवक की हत्या के मामले में सिद्धार्थनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर तीन महिलाओं समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी एसबीबीएल (SBBL) बंदूक, चार जिंदा कारतूस, एक बेसबॉल बैट और एक कुदाल का बेंट भी बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि रविवार 6 सितंबर की सुबह जगदीशपुर खुर्द में आमने-सामने रहने वाले दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष हो गया था। इस दौरान अभियुक्तों ने रमाशंकर (45 वर्ष) और उनकी बहन सरोज (32 वर्ष) को घसीटकर अपने बरामदे में ले जाकर बेरहमी से पीटा और लाइसेंसी बंदूक से रमाशंकर की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मामले में पुलिस ने बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर बीएसए ग्राउंड के पास घेराबंदी कर सभी छह वांछितों—जयप्रकाश धर दुबे उर्फ अकुल दुबे, रितिक पाण्डेय, बंश गोपाल धर दूबे, इन्द्रासनी दुबे, मानसी दुबे और कविता दुबे को धर दबोचा। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

संबंधित खबरें