राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए प्रशासनिक व बैंक अधिकारियों संग प्री-ट्रायल बैठक: जनपद न्यायाधीश ने दिए अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के निर्देश
सिद्धार्थनगर • 9 Sept 2026, 11:02 pm

सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के दृष्टिगत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में महत्वपूर्ण प्री-ट्रायल बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने की।
बैठक के दौरान जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित प्रशासनिक, पुलिस व बैंक अधिकारियों के साथ बिंदुवार विचार-विमर्श करते हुए निर्देश दिया कि अधिक से अधिक शमनीय एवं सुलह योग्य मामलों को समय रहते चिह्नित कर लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को त्वरित, सुलभ और सस्ता न्याय दिलाने का एक बेहद प्रभावी माध्यम है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ के कुशल संचालन में आयोजित इस बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार यादव, एसडीओ फॉरेस्ट बीना तिवारी, एआरटीओ एम.एस. सिद्दीकी, पूर्ति निरीक्षक विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, श्रम विभाग से गौरी दत्त तिवारी, यातायात विभाग से देवेंद्र कुमार पाण्डेय, डूडा से शहर मिशन प्रबंधक राम सजीवन, पशुपालन विभाग से डॉ. ऋषिकेश दर्शन, सहकारिता विभाग से चंद्रजीत यादव, क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह और माप-तौल विभाग से वरिष्ठ निरीक्षक दिलीप कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक हितेश धपोला, बैंक ऑफ इंडिया के अशोक कुमार, इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधक शुभम गुप्ता, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अभिषेक शर्मा, यूपी ग्रामीण बैंक के ऋषिमुनि वर्मा, यूनियन बैंक से अभय तिवारी व सर्वेश तिवारी, बीएसएनएल से राजमन गुप्ता सहित विभिन्न विभागों व बैंकों के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








