एसएसबी ने विफल किया खाद तस्करी का प्रयास, 56 बोरी यूरिया के साथ बोलेरो पिकअप व टेम्पो जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर • 19 Aug 2026, 11:50 pm

खुनुवां (सिद्धार्थनगर) | OK Talk India | सरताज आलम:
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की सीमा चौकी बाणगंगा की टीम ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 56 बोरी अवैध यूरिया खाद बरामद की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो पिकअप और एक टेम्पो को जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
एसएसबी की विशेष नाका पार्टी सीमा स्तम्भ संख्या 557 से लगभग 900 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप और एक टेम्पो अनाधिकृत रास्ते से भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। जवानों द्वारा वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर कुल 56 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई, जिसे नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से ले जाया जा रहा था।
पूछताछ और वैध कागजात मांगने पर दोनों चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान जंग बहादुर (25 वर्ष) पुत्र परशुराम एवं कैलाश (34 वर्ष) पुत्र हरी राम, दोनों निवासी डोहरिया खुर्द (ग्राम पंचायत इटवा भाट, थाना शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई। एसएसबी ने 56 बोरी यूरिया, बोलेरो पिकअप व टेम्पो सहित दोनों व्यक्तियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु खुनुवां पुलिस चौकी को सुपुर्द कर दिया है।








