IST: Thursday, 27 August 2026 at 5:16 pm

बढ़नी सीमा पर एसएसबी की चौकसी बढ़ी, श्वान दस्ते के साथ सघन निगरानी अभियान जारी

सिद्धार्थनगर7 Aug 2026, 11:27 pm

बढ़नी सीमा पर एसएसबी की चौकसी बढ़ी, श्वान दस्ते के साथ सघन निगरानी अभियान जारी
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 50वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा बढ़नी सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है। सीमा पर 24×7 निगरानी, गश्त एवं तलाशी अभियान को और अधिक तेज कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले व्यक्तियों, वाहनों एवं सामान की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए श्वान (डॉग) दस्ते की भी तैनाती की गई है, जो विस्फोटक, मादक पदार्थों तथा अन्य संदिग्ध वस्तुओं की पहचान में सुरक्षा बलों की सहायता कर रहा है। इसके अतिरिक्त संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, वाहन गश्त, नाका चेकिंग तथा सीमा स्तंभों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमा पार से होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि, तस्करी अथवा संदिग्ध आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं। 50वीं वाहिनी, SSB ने सीमावर्ती नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम SSB चौकी अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें। आमजन के सहयोग से सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। 50वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा एवं सीमावर्ती नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

संबंधित खबरें