बढ़नी रेलवे स्टेशन के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्राधिकार और दाह-संस्कार अनुदान को लेकर बना असमंजस
सिद्धार्थनगर • 7 Aug 2026, 11:18 pm

बढ़नी (सिद्धार्थनगर): बढ़नी रेलवे स्टेशन आरपीएफ चौकी के पास शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक क्षेत्र में लावारिस अवस्था में घूमकर मांग-जांच कर जीवन यापन करता था।
घटना के बाद क्षेत्राधिकार को लेकर जीआरपी और सिविल पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही, जिसके कारण मेमो जारी होने में लगभग 4 घंटे की देरी हुई। इसके पश्चात बढ़नी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सोमनाथ शर्मा, हेड कांस्टेबल डीपी सिंह और संदीप कुमार ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिविल पुलिस ने अंतिम संस्कार हेतु रेलवे से 7,000 रुपए की नियत धनराशि देने की मांग की। इस पर वाणिज्य अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि, रेलवे के नियमों के तहत लावारिस शव के निस्तारण हेतु यह धनराशि केवल राजकीय रेलवे पुलिस को ही दी जा सकती है, सिविल पुलिस को नहीं।
वहीं मामले में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सोमनाथ शर्मा ने बताया कि, मेमो प्राप्त होने के उपरांत शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। लावारिस शव के दाह-संस्कार के प्रावधान के तहत रेलवे से पत्राचार किया गया था। फिलहाल मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।








