IST: Thursday, 27 August 2026 at 4:02 pm

जवाहर नवोदय विद्यालय बांसी में फैली गंदगी देख भड़के डीएम, प्रधानाध्यापक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति

सिद्धार्थनगर24 Aug 2026, 9:47 pm

जवाहर नवोदय विद्यालय बांसी में फैली गंदगी देख भड़के डीएम, प्रधानाध्यापक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बांसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर और खेल मैदान में भारी गंदगी व बड़ी-बड़ी घास देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए डिप्टी कमिश्नर, नवोदय विद्यालय समिति (लखनऊ) को संस्तुति पत्र भेजने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले शिक्षक उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी अध्यापक उपस्थित मिले। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं, बालक एवं बालिका छात्रावासों और मेस का गहन मुआयना किया। परिसर की बदहाली और विद्युत व्यवस्था में कमियां मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को 15 दिनों के भीतर संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर व्यवस्था ठीक कराने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय में व्यवस्थाएं न सुधरने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध और कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित खबरें